नई दिल्ली: जसप्रीत बुमराह भारत के सुपरस्टार खिलाड़ी हैं. फॉर्मेट कोई भी हो भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में बुमराह ही अगुआ रहते हैं. लेकिन बुमराह अब 32 साल के हो चुके हैं. और भारतीय क्रिकेट में यह सुगबुगाहट भी शुरू हो गई है कि बुमराह हमेशा तो नहीं खेल सकते. इसके साथ ही वह कई बार चोटों से भी जूझते रहे हैं. हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें चोट लग गई थी और इसी वजह से वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं.
जसप्रीत बुमराह को शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में शामिल किया गया था लेकिन इसमें फिटनेस की शर्त थी. और बुमराह सीरीज के लिए फिट नहीं हो पाए. और भविष्य की योजनाओं को देखते हुए भी उन्हें आराम देने का ही फैसला किया गया. उनके स्थान पर जम्मू-कश्मीर के पेसर आकिब नबी को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया.
एशियन गेम्स की टीम का भी हिस्सा हैं जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह की रिकवरी को लेकर अब भी कुछ भी पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता. बुमराह उन कई खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं जो बेंगलुरु के सेंटर ऑफ ऐक्सीलेंस में रिकवरी कर रहे हैं. बुमराह सितंबर-अक्टूबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं.
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट कहती है कि फिजियो जसप्रीत बुमराह की चोट और रिकवरी पर गहरी नजर बनाए हुए हैं. हालांकि, यह भी खतरा जताया जा रहा है कि वनडे वर्ल्ड कप 2027 के बाद वह लंबे फॉर्मेट में नहीं खेल पाएंगे.
2027 के वर्ल्ड कप के बाद जसप्रीत बुमराह का क्या?
अखबार ने सूत्रों के हवाले से खबर में लिखा, ‘सीओई श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले बुमराह का वर्कलोड बढ़ाने पर काम कर रहे था. ऐसा अहसास हुआ कि निश्चित समय में फिट नहीं हो पाएंगे. लंबे फॉर्मेट में उन्हें गेंदबाजी किए हुए काफी समय हो गया है. सीओई बुमराह को लेकर काफी सावधानी बरत रहा है. बुमराह को लेकर कोई निश्चित समयसीमा नहीं दी गई है. वैसे भी भारतीय क्रिकेट को शायद अब अगले साल के वर्ल्ड कप के बाद लंबे फॉर्मेट में बुमराह के बिना भी आगे बढ़ने पर सोचना होगा.’
भारत के मिशन वर्ल्ड कप 2027 का जसप्रीत गुमराह एक अहम हिस्सा हैं. टीम प्रबंधन ने तेज गेंदबाजी का एक पूल तैयार करने में काफी मेहनत की है. इसमें मोहम्मद सिराज, अर्शीदीप सिंह जैसे खिलाड़ी हैं. वहीं हर्षित राणा, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ को भी तैयार किया जा रहा है.






