भारत और पाकिस्तान के मुकाबले किसी भी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा देखे और पसंद किए जाते हैं. टूर्नामेंट के आयोजक इन दोनों टीमों की भिड़ंत ज्यादा से ज्यादा बार करवाना चाहते हैं. लेकिन एशियन गेम्स 2026 में तस्वीर जरा अलग हो सकती है. दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वियों में शुरुआती चरण में कोई मुकाबला नहीं होगा. जापान के नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में क्रिकेट में दोनों टीमें सिर्फ मेडल मुकाबले में ही आमने-सामने होंगी.
आईसीसी टूर्नामेंट हो या एशिया कप, भारत और पाकिस्तान के अधिक-से-अधिक मुकाबले देखने को मिलते हैं. लेकिन एशियन गेम्स में ऐसा नहीं होगा. या तो ये दोनों टीमें गोल्ड मेडल मैच में आमने-सामने होंगी या ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में इनका मुकाबला होगा. न सिर्फ पुरुष श्रेणी में बल्कि महिलाओं की श्रेणी में भी भारत और पाकिस्तान की टीमें सिर्फ मेडल मैच में ही आमने-सामने होंगी.
एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से चार अक्टूबर के बीच होना है. और क्रिकेट के मैच 17 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच खेले जाएंगे. पुरुषों के इवेंट में 10 टीमें हैं और महिलाओं के इवेंट में 8 टीमें हैं.
भारत के साथ ही पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका की टीम को सीधा क्वॉर्टर-फाइनल में जगह मिली है. वहीं बाकी की छह टीमें, जिनमें अफगानिस्तान भी शामिल है, को ग्रुप स्टेज से होकर गुजरना होगा. भारत दूसरा क्वॉर्टर-फाइनल खेलेगा वहीं पाकिस्तान पहला. दोनों मैच 28 सितंबर को होंगे. उनके सामने कौन सी टीमें होंगी यह ग्रुप स्टेज से क्वॉलिफाइ करके आई टीमों से तय होगा.
इसके बाद सेमीफाइनल मैच होंगे. और इन्हें कुछ इस तरह से डिजाइन किया गया है कि क्वॉर्टर-फाइनल 2 का मैच क्वॉर्टर-फाइनल 3 के विजेता से हेगा. वहीं क्वॉर्टर फाइनल 1 के विजेता का मैच क्वॉर्टर-फाइनल 4 के विजेता से होगा.
इसका अर्थ यह है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच सीधा फाइनल (गोल्ड मेडल मैच) में ही होगा. और यह मैच 3 अक्टूबर को खेला जाना है. इसके साथ ही अफगानिस्तान, नेपाल, हॉन्ग कॉन्ग, चीन, जापान, मलेशिया और ओमान जैसी टीमें भी ग्रुप स्टेज में होंगी.
महिलाओं की बात करें तो भारत नंबर एक पर है वहीं पाकिस्तान को चौथा रैंक दिया गया है. पाकिस्तान की टीम श्रीलंका और बांग्लादेश से भी नीचे हैं. लेकिन ड्रॉ ऐसा है कि भारत क्वॉर्टर-फाइनल में जापान से खेलेगा. और अगर टीम इंडिया सेमीफाइनल में जती है तो वहीं उसका मुकाबला बांग्लादेश या हॉन्ग कॉन्ग, चीन से होगा.
पाकिस्तान की टीम क्वॉर्टर-फाइनल में थाईलैंड से खेलेगी. अगर वह आगे बढ़ती है तो श्रीलंका या मलेशिया से खेलेगी. भारत और पाकिस्तान का मैच यहां भी सीधा फाइनल या ब्रॉन्ज मेडल प्लेऑफ में ही हो सकता है. और यह मैच 22 सितंबर को होगा.






